मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम हरसोल में ग्राम पंचायत भवन के पास जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पेयजल टंकी शुरू होने से पहले ही रिसाव का शिकार हो गई। टंकी से चारों ओर पानी झरने की तरह टपक रहा है। करीब 2500 आबादी के लिए डेढ़ लाख गैलन क्षमता की इस टंकी के लीक होने से पास में रहने वाले किसान भेरूलाल प्रजापति के घर तक पानी पहुंच गया। इससे उनके गेहूं और लहसुन की फसल भी खराब हो गई है। लाखों रुपए की लागत से बनी इस टंकी की गुणवत्ता पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी अभी चालू भी नहीं हुई और उसमें से पानी रिसने लगा, जो साफ तौर पर घटिया निर्माण की ओर इशारा करता है। मामले की जानकारी मिलने पर नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष गजेन्द्रसिंह चूंडावत ने ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा को सूचना दी। इसके बाद जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजित कुमठ सहित अन्य नेता हरसोल पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से चर्चा की। कांग्रेस ने घटिया निर्माण का आरोप लगाया कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टंकी का निर्माण घटिया सामग्री से किया गया है, जिससे यह कभी भी गिर सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है। अनिल शर्मा ने अनुविभागीय अधिकारी स्वाति तिवारी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही किसान भेरूलाल प्रजापति को फसल नुकसान का मुआवजा देने की भी मांग की गई है। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजित कुमठ ने कहा कि क्षेत्र में कई निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी हो रही है। उन्होंने सड़कों, पेयजल टंकियों और अस्पताल निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसे “कमीशन आधारित व्यवस्था” बताया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। निरीक्षण के दौरान गजेन्द्रसिंह चूंडावत, भेरूलाल प्रजापति, मोहनलाल वर्मा, मदनलाल मेघवाल, शांतिलाल मेघवाल, आबिद मंसूरी, सुखलाल टेलर, आबिद पठान, दीपक प्रजापति, फजल मंसूरी, मुकेश प्रजापति, बसंतीलाल मालवीय, भारतसिंह चूंडावत और गोपाल वर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।