नीमच शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पिंक सिटी ट्रांसपोर्ट के संचालक मेघराज गुर्जर का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। एक जाने-माने कारोबारी की इस तरह हुई मौत ने पूरे शहर को सकते में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, लेकिन मामला उतना सीधा नजर नहीं आ रहा जितना दिखाई दे रहा है।
चर्चा है कि मृतक की जेब से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों के अनुसार उसमें कुछ लोगों के नाम और गंभीर आरोप दर्ज होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय स्तर पर एक महिला के जिक्र की भी चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने इन दावों की न तो पुष्टि की है और न ही किसी नाम का खुलासा किया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक स्थापित ट्रांसपोर्ट कारोबारी को ऐसा कदम उठाने की नौबत क्यों आई? क्या इसके पीछे आर्थिक, पारिवारिक या अन्य कोई कारण है? क्या कथित सुसाइड नोट इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाएगा या जांच में कोई नया मोड़ सामने आएगा?
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और कथित सुसाइड नोट की जांच के बाद ही इस मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। तब तक मेघराज गुर्जर की मौत नीमच में चर्चा और रहस्य का विषय बनी हुई है।