नीमच। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नीमच की होनहार खिलाड़ी अस्मि दीपेंद्र भटनागर ने 15वीं मॉडर्न पेंटाथलॉन बायथल-ट्रायथल राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अस्मि ने प्रतियोगिता में ट्रायथल स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा बायथल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश और नीमच जिले का नाम गौरवान्वित किया। विशेष बात यह है कि अस्मि ने खेल जगत में अपेक्षाकृत बहुत कम समय पहले कदम रखा था। मात्र दो वर्षों के प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के बाद राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना उनकी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। आज अस्मि राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी के रूप में उभरकर सामने आई हैं और जिले की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। अस्मि प्रतिष्ठित भटनागर परिवार से संबंध रखती हैं।अस्मि स्वर्गीय श्यामसुंदर भटनागर की पोती है उनकी इस सफलता के पीछे परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है। विशेष रूप से उनकी माता प्रियंका भटनागर ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन, उत्साहवर्धन और सहयोग किया। नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं में सहभागिता तथा खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर के खिलाड़ियों के बीच अस्मि ने तैराकी, रनिंग एवं शूटिंग जैसे चुनौतीपूर्ण कौशलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, वहीं बायथल स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से कम समय में भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। कोचों के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और स्वयं की अथक मेहनत के बल पर अस्मि ने जो सफलता हासिल की है, वह आने वाले वर्षों में और भी बड़ी उपलब्धियों की मजबूत नींव साबित हो सकती है। खेल प्रेमियों और जिलेवासियों को उम्मीद है कि अस्मि भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर नई सफलताएं अर्जित करेंगी। अस्मि की सफलता के पीछे मेंटर प्रभु मूलचंदनी जी तथा मोटिवेटर राकेश कोठरी जी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं प्रेरणा रही है वही उनकी खेल प्रतिभा निखारने मे कोच आयुष गोड़, नीलेश घवारी,सुधा सोलंकी अभिषेकअहीर,समीर जादौन, रोहित अहीर का विशेष योगदान रहा है