नीमच। हाई सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के खेल मैदान पर प्रस्तावित सांदीपनि सीएम राइज स्कूल के निर्माण का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को खिलाड़ियों ने शहर के सबसे व्यस्त भारत माता चौराहे पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर अनोखा प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों ने कहा कि शहर में खेल गतिविधियों के लिए मैदान क्रमांक-2 ही सबसे बड़ा और प्रमुख मैदान है, जहां प्रतिदिन हजारों खिलाड़ी फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, रनिंग, साइक्लिंग और अन्य खेलों का अभ्यास करते हैं। यदि इस मैदान पर स्कूल का निर्माण किया गया तो खिलाड़ियों के पास अभ्यास के लिए कोई उपयुक्त स्थान नहीं बचेगा।
खिलाड़ियों ने प्रशासन से मांग की कि सांदीपनि सीएम राइज स्कूल का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए और खेल मैदान को सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मैदान बचाने की मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उनका कहना है कि यह केवल एक मैदान नहीं, बल्कि हजारों खिलाड़ियों के भविष्य और शहर की खेल संस्कृति से जुड़ा मुद्दा है।