नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के क्रम में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश इकाई ने राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में चार अलग-अलग खुफिया सूचना आधारित कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इन अभियानों में अधिकारियों ने 2,724.380 किलोग्राम (2.72 टन से अधिक) अवैध डोडाचूरा, 2.019 किलोग्राम अफीम तथा 5 वाहन (एक टाटा ट्रेलर ट्रक, एक बोलेरो पिकअप वाहन, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक हुंडई वर्ना कार एवं एक मोटरसाइकिल) जब्त किए तथा 3 तस्करों को गिरफ्तार किया। सभी मामलों में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है तथा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विस्तृत जांच जारी है।
प्रकरण-1 : राजस्थान में 1,627.840 किलोग्राम डोडाचूरा एवं टाटा ट्रेलर ट्रक जब्त
दिनांक 30.07.2026 को डीओओ मंदसौर-III एवं मंदसौर-II डिवीजन के अधिकारियों ने प्राप्त विशिष्ट सूचना के आधार पर संयुक्त टीम गठित की। सूचना थी कि एक टाटा ट्रेलर ट्रक (पंजीयन क्रमांक RJ27GB1219) के माध्यम से निम्बाहेड़ा क्षेत्र से नागौर की ओर भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है।
संयुक्त टीम ने नरसिंहगढ़ टोल प्लाजा, निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) पर रणनीतिक निगरानी स्थापित की। संदिग्ध ट्रक के पहुंचने पर उसे रोककर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में मुर्गी दाने (पोल्ट्री फीड) की बोरियों के नीचे अत्यंत चतुराई से छिपाकर रखी गई 81 प्लास्टिक की बोरियों से कुल 1,627.840 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।
सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात डोडाचूरा एवं टाटा ट्रेलर ट्रक को जब्त कर लिया गया तथा वाहन चालक को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
मामले में तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विस्तृत जांच जारी है।
प्रकरण-2 : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पीछा कर 2.019 किलोग्राम अफीम जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में सीबीएन गरोठ सेल के अधिकारियों ने दिनांक 31.07.2026 को प्राप्त विशिष्ट सूचना के आधार पर हरियाणा पंजीयन की एक स्विफ्ट डिजायर कार को दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर पोल संख्या 493.7, गरोठ (मध्य प्रदेश) के निकट रोकने का प्रयास किया।
सूचना थी कि वाहन में सवार दो व्यक्ति जावरा क्षेत्र से पंजाब की ओर अवैध अफीम ले जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा वाहन को रुकने का संकेत दिए जाने पर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। सतर्क सीबीएन टीम ने लगभग 8 से 10 किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान आरोपियों ने बच निकलने के प्रयास में अपनी कार सीबीएन के वाहन से टक्कर मार दी, किन्तु अंततः उन्हें पोल संख्या 493.7 के निकट घेरकर पकड़ लिया गया।
वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर बाईं ओर के दरवाजे के पैनल में शीशे के नीचे छिपाकर रखी गई 2.019 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अफीम को पारदर्शी पॉलीथीन में पैक कर पीले रंग के चिपकने वाले टेप से लपेटकर छिपाया गया था।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात अफीम एवं स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण-3 : परित्यक्त हुंडई वर्ना कार से 103.220 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद
दिनांक 01.08.2026 को सीबीएन नीमच तृतीय खंड के अधिकारियों ने प्राप्त विशिष्ट सूचना के आधार पर चिताखेड़ा-नीमच मार्ग पर ग्राम कराड़िया महाराज के निकट एक सफेद रंग की हुंडई वर्ना कार को रोकने का प्रयास किया।
प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त वाहन के माध्यम से अवैध डोडाचूरा हिंगोरिया गांव की ओर ले जाया जा रहा था। अधिकारियों द्वारा वाहन को रुकने का संकेत दिए जाने पर चालक ने पहले वाहन की गति बढ़ा दी, तत्पश्चात अचानक चलती कार से कूदकर समीप स्थित कृषि भूमि की ओर भाग गया। चालक रहित कार सड़क किनारे पड़े मलबे से टकराकर रुक गई।
सीबीएन अधिकारियों ने तत्काल आरोपी का खेतों में पीछा किया, किन्तु कम दृश्यता एवं घनी वनस्पति का लाभ उठाकर वह फरार होने में सफल रहा।
वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें रखी पांच प्लास्टिक की बोरियों से कुल 103.220 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।
सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात डोडाचूरा एवं हुंडई वर्ना कार को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत जब्त कर लिया गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी तथा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए विस्तृत जांच जारी है।
प्रकरण-4 : ग्राम हरनावदा के निकट 993.320 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त; बोलेरो पिकअप एवं मोटरसाइकिल बरामद
दिनांक 31.07.2026 को प्राप्त विशिष्ट सूचना के आधार पर नीमच मुख्यालय, डीओओ नीमच द्वितीय खंड एवं मंदसौर तृतीय खंड के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ग्राम हरनावदा, जिला नीमच के निकट एक सुनियोजित कार्रवाई की।
प्राप्त सूचना के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय एक मादक पदार्थ तस्करी गिरोह ने ग्राम हरनावदा के निकट एक स्थान को अवैध मादक पदार्थ की लोडिंग के लिए उपयोग में ले रखा था। सूचना में उक्त स्थान के सटीक निर्देशांक भी उपलब्ध कराए गए थे। टीम के मौके पर पहुंचने पर वहां एक बोलेरो पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल तथा कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए।
सीबीएन दल को देखकर सभी संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर आसपास के क्षेत्र में भाग गए। अधिकारियों ने तत्काल उनका पीछा किया, किन्तु दुर्गम भू-भाग एवं प्राकृतिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर वे फरार होने में सफल रहे।
दूरस्थ स्थान एवं परिचालन संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए मौके पर वाहन की सुरक्षित तलाशी लेना संभव नहीं था। इसलिए बोलेरो पिकअप वाहन को ट्रैक्टर की सहायता से सीबीएन कार्यालय, नीमच लाया गया।
कार्यालय में विस्तृत तलाशी लेने पर बोलेरो पिकअप वाहन से 993.320 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। डोडाचूरा के साथ बोलेरो पिकअप वाहन एवं परित्यक्त मोटरसाइकिल को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त स्थान का उपयोग क्षेत्र के एक सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह द्वारा लोडिंग प्वाइंट के रूप में किया जा रहा था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा तस्करी नेटवर्क के अग्र एवं पश्च संबंधों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध खुफिया सूचना आधारित प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रखते हुए संगठित तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा “नशा मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।