नीमच | केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जन्मस्थल नीमच स्थित ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ का 59वां स्थापना दिवस आज पूरे उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सुरेन्द्र कुमार उप महानिरीक्षक के कुशल मार्गदर्शन में ऐतिहासिक शौर्य स्थल को आकर्षक एवं भव्य रूप से सजाया गया, जहां आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में ग्रुप केंद्र के सभी अधिकारियों ने अमर वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात वीर शहीदों को सलामी दी गई तथा देशभक्ति से ओतप्रोत पारंपरिक गीत "वतन की राह में वतन के नौजवान शहीद हों" का सामूहिक गायन कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम एवं गौरव की भावना से अभिभूत कर दिया गया।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों/जवानों ने सरदार पोस्ट से लाई गई परम पावन मिट्टी से भरे पवित्र कलश पर माल्यार्पण एवं पुष्प चढ़ाकर राष्ट्ररक्षा के प्रति अपने समर्पण एवं शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
01 अगस्त, 1968 को सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में ग्रुप केंद्र की स्थापना हुई थी और आज इसकी 59वीं वर्षगांठ है। नीमच केवल सीआरपीएफ की जन्मस्थली ही नहीं, बल्कि बल की गौरवशाली परंपराओं, विकास यात्रा और अदम्य शौर्य का जीवंत साक्षी भी है। भारत सरकार द्वारा जिस उद्देश्य एवं दायित्व के साथ सीआरपीएफ का गठन किया गया था, उस पर यह बल सदैव खरा उतरा है। देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं राष्ट्रीय एकता की रक्षा में सीआरपीएफ ने हर चुनौती का साहस, समर्पण एवं दक्षता के साथ सामना किया है और भविष्य में भी प्रत्येक चुनौती से निपटने के लिए पूर्णतः सक्षम एवं प्रतिबद्ध है।
बल की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रुप केंद्र के सभी मैस में ‘बड़ा खाना’ का आयोजन भी किया गया।