नीमच। इन दिनों शहर व जिले में एक चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि आगामी 15 मार्च तक सत्तारूढ़ भाजपा जिले के संगठन में अपना मुखिया बदलेगी। इस चर्चा के साथ ही जिले के वे नेता सक्रिय हो गए हैं जो संगठन का अगला मुखिया बनने की चाह रखते हैं। जिले के संगठन के मुखिया के पद पर कोई बदलाव होगा या नहीं यह तो आने वाला समय ही बताएगा लेकिन इस चर्चा ने सत्तारूढ़ भाजपा की आंतरिक राजनीति को जरूर गर्म कर दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारत ही नहीं विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। केंद्र से लेकर ग्राम पंचायत तक अधिकांश स्थानों पर भाजपा सत्ता में काबिज है। यहीं कारण है कि भाजपा से जुड़ने व इसके पदाधिकारी बनने के लिए लोग लालायित रहते हैं। नीमच जिले में भाजपा के जिलाध्यक्ष व मुखिया के रूप में वर्तमान में पवन पाटीदार काबिज है और वे करीब तीन वर्ष से इस जिम्मेदारी का सफल तरीके से निर्वहन कर रहे हैं लेकिन उनकी मंशा आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमाने की है। इसकी खातिर वे वर्तमान में संगठन के साथ सत्ता में पेठ बनने के लिए निरंतर प्रयत्नशील है और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। यहीं कारण है कि संगठन के मुखिया के रूप में गांव-गांव में पहुंचकर लोगों के बीच दस्तक दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश संगठन ने संकेत दिए हैं कि जो भी जिलाध्यक्ष चुनाव लड़ना चाहते हैं, उनका पक्ष सुने जाने के बाद संबंधित जिलाध्यक्ष के स्थान पर नए मुखिया या जिलाध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। प्रदेश संगठन के इस संकेत के बाद जिले की राजनीति में भूचाल आ गया और चौराहों की चर्चा में यह बात सामने आई कि जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष व संगठन के मुखिया के रूप में जल्द कोई नया नाम व चेहरा सामने आएगा। इस बदलाव की आधिकारिक जानकारी भी 15 मार्च या इसके पूर्व सार्वजनिक रूप से आ सकती है। इस चर्चा के जोर पकड़ने के बाद जिले में नए जिलाध्यक्ष व संगठन के मुखिया के रूप में कई नाम सामने आने लगे हैं और कई लोग अपने आप को इस पद के लिए योग्य बताने की कोशिशों में भी जुट गए हैं।