इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दीर्घायु और सुशासन की कामना के लिए अनुष्ठान किया गया। मंगलवार को भाजपा समर्थक मंदिर पहुंचे और सीएम के फोटो के साथ यज्ञ, हवन और पूजन किया। इस दौरान भगवान गणेश का अभिषेक कर विशेष प्रार्थना की गई।
21 विद्वानों के सान्निध्य में हुआ अनुष्ठान
समाजसेवी नानूराम कुमावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। विद्वान पंडितों की अगुआई में भगवान गणेश का अभिषेक किया गया और गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया गया।
21 विद्वानों के सान्निध्य में इस अनुष्ठान का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां समर्पित कीं।
खजराना गणेश में भगवान गणेश का अभिषेक करते हुए समर्थक।
भक्तों में प्रसादी का वितरण
अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में स्वाहाकार की मंगल ध्वनियां गूंजती रहीं। पूजा के उपरांत भक्तों में प्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर योगराज पाटीदार, अजय सिंह कोटिया, गौरव डावर, मनीष यादव, ऋषि चौधरी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
प्रदेश के विकास की कामना
मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट ने बताया कि यह अनुष्ठान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिवस के अवसर पर नानूराम कुमावत द्वारा आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश की निरंतर उन्नति और मुख्यमंत्री की दीर्घायु की कामना की गई।