शाजापुर में एकता ग्रुप द्वारा आयोजित 16वें सामूहिक विवाह सम्मेलन में 51 जोड़ों ने विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। इस आयोजन में 42 हिंदू और 9 मुस्लिम जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
एकता ग्रुप के अध्यक्ष वकार अली के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 6 हजार से अधिक लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। समूह द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार और आवश्यक गृहस्थी सामान भेंट किया गया।
वकार अली ने बताया कि एकता ग्रुप वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन करता आ रहा है। कार्यक्रम में सभी धार्मिक रस्में परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न की गईं।
शहर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। यह आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बन गया।