नीमच। नीमच जिले के मनासा उप -खण्ड के ग्राम मालहेड़ा में श्री चारभुजा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित सुप्रसिद्ध कथा वाचक भीमाशंकर जी शास्त्री की कथा श्रवण हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार को आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर सम्पन्न हुआ। शिविर में प्रदेश के अग्रणी नेत्र चिकित्सालय गोमाबाई नेत्रालय नीमच के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं सहायको के दल ने मालहेड़ा और आसपास के क्षेत्रों से कथा श्रवण हेतु आये 210 श्रद्धालुओं का नेत्र परीक्षण किया और आवश्यकतानुसार उपचार तथा नेत्र रोगों से बचाव के उपायों से अवगत कराया । नेत्रालय प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ग्राम मालहेड़ा क्षेत्र के रहवासियो की आँखों के परीक्षण के लिए इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में नेत्र परीक्षण परिणामों के अनुसार 60 व्यक्तियों को निःशुल्क आवश्यक दवाइयां एवं 40 व्यक्तियों चश्में वितरित किये गए । इसी प्रकार 25 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन की सलाह दी गई 60 लोगों को उच्च जांच के लिए हॉस्पिटल रेफर किया गया । शिविर के दौरान नेत्र रोगों से बचाव के उपायों , सावधानियों , रोग के बेहतर उपचार तथा नेत्र दान के परोपकारी अभियान के बारे में भी विस्तार से जानकारियां प्रदान की गई। शिविर से लाभान्वित श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति और गोमाबाई नेत्रालय के स्टॉफ की इस सेवा कार्य के लिए सराहना कर आभार व्यक्त किया