मंदसौर जिले के गुर्जरबर्डिया गांव के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय मेडिकल संचालक पंकज की मौत हो गई। पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी पंकज पाटीदार पिता देवीलाल पाटीदार शहर के गोल चौराहा क्षेत्र में मेडिकल संचालित करते थे। जानकारी के अनुसार, पंकज शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे अपनी मेडिकल दुकान से एक शादी में शामिल होने के लिए ग्राम डिगाव गए थे। रात करीब 10 बजे शादी समारोह से वापस अपने गांव देवरी लौटते समय गुर्जरबर्डिया गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पंकज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े रहे। रात का समय होने के कारण तुरंत किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पंकज अपने पिता देवीलाल के इकलौते पुत्र थे। उनके असामयिक निधन से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता देवीलाल ने बताया कि वे शाम करीब 6 बजे बेटे से मिलकर घर लौटे थे और उसे समय पर घर आने की हिदायत भी दी थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इस दर्दनाक हादसे ने उनसे उनका इकलौता सहारा छीन लिया। परिजनों के अनुसार, देवीलाल की स्वयं कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपने बड़े भाई भंवरलाल से पंकज को बचपन में गोद लिया था और उसे पाल-पोसकर बड़ा किया एवं शिक्षित किया। फिलहाल पंकज का शव जिला चिकित्सालय में रखवाया गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।