मध्यप्रदेश के मंदसौर में शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक एक्सीडेंट में एक महिला और 15 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारते हुए करीब 20 फीट तक घसीट दिया। घटना का VIDEO भी सामने आया है। ग्राम सूरी निवासी युवराज (15) खेत में हार्वेस्टर पर चढ़कर इमली तोड़ते समय गिर गया था, जिससे उसके हाथ में चोट आई थी। उसने अपने चाचा कमलेश पाटीदार को बुलाया, जो उसे कार से मंदसौर जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हो गया। कार की टक्कर से बाइक करीब 20 फीट तक फिसलती गई। हादसे में कार में सवार मासूम युवराज और बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। बच्चा इमली तोड़ते समय गिर गया था। उसे कार से अस्पताल ले जाया जा रहा था। बाइक सवार दंपती घिसटते चले गए निजामुद्दीन के पास बंजारी बालाजी होटल के सामने मारुति ग्रांड विटारा कार आगे चल रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर करीब 20 फीट तक घसीटती चली गई। हादसे में बाइक सवार मंजूबाई (45), निवासी कुंताखेड़ी, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पति बालूराम भी घायल हुए। मंजूबाई को पहले जिला अस्पताल और फिर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में महिला समेत बच्चे की मौत हो गई। कार सवार बच्च बेहोश हुआ, फिर होश नहीं आया वहीं, घायल बच्चे युवराज को अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, वह पहले सामान्य स्थिति में था, लेकिन हादसे के बाद बेहोश हो गया और फिर होश में नहीं आया। कार चला रहे कमलेश पाटीदार और बाइक सवार बालूराम का इलाज जारी है। अस्पताल में महिला को घायल अवस्था में लेकर आए थे। इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस कर रही मामले की जांच नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के मुताबिक, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बीते 24 घंटे में मंदसौर-सुवासरा मार्ग पर तीन अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान जा चुकी है, जिससे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है।