भारतीय रेल इंजीनियर्स सेवा (IRSE) के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी रामाश्रय पाण्डेय ने शुक्रवार, 10 अप्रैल, 2026 को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण किया। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले आप पूर्व मध्य रेलवे, पटना में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण/दक्षिण) के पद पर कार्यरत थे। अपने उत्कृष्ट कैरियर के दौरान पाण्डेय ने उत्तर पूर्व रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के रूप में तथा उत्तर रेलवे, नई दिल्ली में मुख्य इंजीनियर के पद पर कार्य किया है। आपने गोरखपुर एवं समस्तीपुर में उप मुख्य इंजीनियर, रेलवे बोर्ड में सदस्य इंजीनियरिंग के विशेष कार्याधिकारी (OSD), रेलवे बोर्ड में निदेशक सतर्कता तथा हाजीपुर में उप मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दी हैं। आप रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) में ग्रुप जनरल मैनेजर के रूप में भी कार्यरत रहे, जहाँ आपने कई महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया। पाण्डेय आईआईटी रुड़की से बी.टेक. तथा आईआईटी दिल्ली से एम.टेक. की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं। रेल परिचालन तथा आधारभूत संरचना प्रबंधन के क्षेत्रों में पाण्डेय ने व्यापक अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त किया है। आपने इटली में ट्रैक रिकॉर्डिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया, सिंगापुर एवं मलेशिया में एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम पूरा किया, स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेन परिचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा तुर्की एवं नॉर्वे में सुरंग निर्माण तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। पाण्डेय को आधारभूत संरचना के निर्माण तथा प्रबंधन एवं प्रशासन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। आप अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं और पूर्ण विश्वास है कि आपके गतिशील नेतृत्व में पश्चिम रेलवे नई उपलब्धियाँ हासिल करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी