नीमच। चन्द्रवंशी ग्वाला-गवली समाज, ग्वालटोली द्वारा समाज का 8 वां सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं गंगा पूजन समारोह का आयोजन आगामी 18 व 19 अप्रैल को श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर, ग्वालटोली पर किया जाएगा, जिसकी तैयारियां आयोजन समिति के द्वारा समाजजन के सहयोग से पूर्ण की जा रही हैं। इस भव्य आयोजन में हजारो की संख्या में ग्वाला समाजजन शामिल होगे। ग्वाला समाज, ग्वालटोली के पंच धन्नालाल पटेल, रामप्रसाद चौधरी, राजू पटेल, श्यामलाल दीवान के नेतृत्व एवं दिशा निर्देशन में आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में एक तुलसी विवाह एवं समाज के 26 विवाह योग्य जोड़ो को परिणय-सूत्र में बांधा जाएगा। समाज के पंचगण से मिली जानकारी अनुसार श्री राधा कृष्ण मंदिर पर 18 अप्रैल को सामूहिक गंगा पूजन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रातः 8 बजे से नवनिर्मित हाल में श्री सत्यनारायण भगवान की कथा एवं हवन, प्रातः 8 से दोपहर 3 बजे तक पिण्डदान के कार्यक्रम अपने-अपने निवास स्थान पर आयोजित होगे। शाम 4 बजे से गंगा यात्रा श्री गणेश मंदिर से निकलेगी। 6 बजे गंगा माता की महाआरती, 6.30 बजे नवनिर्मित हाल, मुख्य द्वार एवं पेयजल टंकी का लोकार्पण किया जाएगा। सायं 7 बजे से गंगा प्रसादी का आयोजन, रात्रि 8 बजे से कन्हैया गायन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अन्तर्गत अगले दिन 19 अप्रैल अक्षय तृतीया को तुलसी विवाह एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रातः 7 बजे बिन्दौरी सजावट, 8.30 बजे से बिन्दौरी प्रारम्भ, 11 बजे से टीका बारात स्वागत, दोपहर 1 से 3 बजे तक पीले हाथ (फेरे), दोपहर 3.30 बजे वर-वधुओ का आशीर्वाद समारोह एवं सायं 4 बजे विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन के अंत में सभी वर-वधुओ को आयोजन समिति द्वारा कपड़े, गहने एवं घरेलू सामान उपहार स्वरूप भेंट किए जाएंगे। उक्त जानकारी श्री चन्द्रवंशी ग्वाला समाज नवयुवक मंडल अध्यक्ष विजय पडरिया व प्रवक्ता रवि दीवान ने दी।