मंदसौर शहर के शंकर विहार क्षेत्र से बुधवार की रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद 45 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मुन्ना सिंह पिता दिनेश्वर सिंह के रूप में हुई है, जो मूलतः बिहार के निवासी थे और वर्तमान में मंदसौर में रह रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुन्ना सिंह बुधवार रात शराब के नशे में घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने बेटे मिथिलेश और पत्नी रानी के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर उन्होंने दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद मुन्ना सिंह ने पत्नी के दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाया और कमरे में ही आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद परिवारजनों ने काफी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए- मुन्ना सिंह फांसी के फंदे पर झूल रहे थे। परिजनों ने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और उन्हें नीचे उतारकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मुन्ना सिंह को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मुन्ना सिंह अक्सर शराब के नशे में घर आकर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करते थे, जिससे परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। फिलहाल शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।