मध्य प्रदेश में पुलिस बैंड आरक्षक के 679 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में आज नीमच के भारत माता चौराहे पर 1st बटालियन एसएफ बैंड टीम ने शानदार प्रस्तुति दी। यह बैंड टीम 14 जिलों के लिए नियुक्त की गई है, जो भर्ती प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार के तहत अलग-अलग जिलों का दौरा कर रही है। नीमच में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की धुन पर बैंड ने ऐसा माहौल बनाया कि बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को इस भर्ती के प्रति जागरूक करना रहा। बैंड टीम ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया कि जो युवा इस भर्ती के लिए पात्र हैं, वे आगे आएं और इस अवसर का लाभ उठाएं। पुलिस विभाग की यह अनोखी पहल युवाओं को प्रेरित करने के साथ-साथ भर्ती प्रक्रिया को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बन रही है।