मंदसौर । जिले में पत्रकारों के लिए समुचित सुविधाओं की कमी को देखते हुए पत्रकार भवन निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है । इस संबंध में मंदसौर विधायक विपिन जैन ने कलेक्टर को पत्र लिखकर शहर में पत्रकार भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है । विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में मंदसौर शहर में पत्रकारों के लिए कोई स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण प्रेस वार्ताओं, बैठकों एवं अन्य गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है । श्री जेन ने कहा कि एक सुव्यवस्थित पत्रकार भवन बनने से जिले के पत्रकारों को अपने कार्यों के संचालन के लिए एक बेहतर मंच मिल सकेगा । पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पत्रकार भवन की मांग लंबे समय से पत्रकारों द्वारा की जा रही थी सो अब इसे मूर्त रूप देने की आवश्यकता है । विधायक विपिन जैन ने यह भी स्पष्ट किया कि भवन निर्माण के लिए वे अपनी विधायक निधि से आर्थिक सहयोग देने के लिए तैयार हैं ।उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि मंदसौर शहर में उपयुक्त भूमि चिन्हित कर पत्रकार भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारों को एक स्थायी एवं सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध हो सके।इस पहल को लेकर जिले के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा ।