मंदसौर जिले की सीतामऊ पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अपहृत नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया और मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत सीतामऊ पुलिस ने एक टीम का गठन किया और कार्रवाई शुरू की। सीतामऊ थाने में एक सूचनाकर्ता ने अपनी 15 वर्ष 5 माह की नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 161/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी। विश्वसनीय मुखबिरों, सूचनाकर्ता के रिश्तेदारों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने लगातार सूचनाएं जुटाईं, जिससे बालिका का सुराग मिल सका। पुलिस टीम ने धार जिले के बाग टांडा क्षेत्र में दबिश दी और अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली। इस मामले में आरोपी विक्रम पिता हेमंत मईडा, निवासी धुंधड़का (जाति भील) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।