पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत मंदसौर जिले की शहर कोतवाली पुलिस ने करीब 10 माह पूर्व अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। शनिवार शाम पुलिस ने मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी थाना पिपलियामंडी के वर्ष 2013 के चोरी के एक पुराने मामले में भी फरार चल रहा था। मंदसौर एसपी विनोद मीना ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। इसी के तहत शहर कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार, 14 जून 2025 को अलावदाखेड़ी निवासी फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को 13 जून 2025 को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जानकारी जुटाई। साथ ही बालिका के परिचितों, पड़ोसियों और पूर्व संपर्कों से पूछताछ कर साक्ष्य एकत्र किए गए। प्राप्त सुरागों के आधार पर पुलिस टीमों को नीमच, छोटी सादड़ी और निंबाहेड़ा (राजस्थान) क्षेत्रों में लगातार भेजा गया, जहां संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार प्रयासों के बाद 11 अप्रैल 2026 को शहर कोतवाली पुलिस ने नीमच जिले के कानाखेड़ा क्षेत्र से नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। बालिका के बयान के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।