नीमच। सेवा, संस्कार और समर्पण के ध्येय को आत्मसात करने वाली संस्था भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा का वार्षिक दायित्व ग्रहण समारोह स्थानीय मणिरत्नम रिसॉर्ट के मनोरम परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह रहे, वहीं राष्ट्रीय ओजस्वी वक्ता परम पूज्य गुरुदेव श्री मनोज जी कश्यप की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा एवं वरिष्ठ समाजसेवी संतोष चोपड़ा उपस्थित रहे। अतिथियों ने माँ भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रांतीय सचिव एवं शपथ अधिकारी विनोद काला ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अध्यक्ष मनीष गर्ग सचिव प्रमोद मालू, कोषाध्यक्ष अशोक सोनी, महिला प्रमुख संध्या राठी सहित पूरी टीम ने निष्ठापूर्वक दायित्व निर्वहन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रीजनल सेवा प्रमुख प्रदीप चोपड़ा, संरक्षक सुनील सिंहल एवं पूर्व अध्यक्ष ललित राठी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। समारोह को संबोधित करते हुए गुरुदेव श्री मनोज जी कश्यप ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि “सेवा ही सच्चा धर्म है और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।” उन्होंने उपस्थित जनसमूह को समाज सेवा के कार्यों में आगे बढ़कर योगदान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने परिषद की कार्यप्रणाली को राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के वंचित वर्गों के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं नपा अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन संगीता जरौली एवं उमेश शर्मा ने किया। अंत में सचिव प्रमोद मालू ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं परिषद सदस्य उपस्थित रहे।