नीमच की चंगेरा मंडी में उस वक्त हालात बिगड़ गए… जब लहसुन की रिकॉर्ड आवक के बीच नीलामी बंद होने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। जानकारी के मुताबिक, इन दिनों मंडी में रोजाना करीब 20 हजार बोरी लहसुन की आवक हो रही है… लेकिन खरीदी की रफ्तार धीमी होने के कारण किसानों को अपना माल बेचने के लिए 2 से 3 दिन तक मंडी में रुकना पड़ रहा है। शुक्रवार को स्थिति तब और बिगड़ गई… जब शाम करीब 6 बजे नीलामी प्रक्रिया अचानक बंद कर दी गई। इससे नाराज किसानों ने मंडी के गेट बंद कर दिए और जमकर हंगामा शुरू कर दिया… किसानों ने व्यापारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा— “माल खरीदो, नहीं तो मंडी नहीं खुलने देंगे” दरअसल, शनिवार और रविवार को मंडी के साथ-साथ बैंक भी बंद रहते हैं… ऐसे में किसानों को डर है कि उनका माल और ज्यादा दिन तक फंसा रहेगा और नुकसान बढ़ेगा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया… कई किसान मंडी परिसर में ही डटे रहे और प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग करने लगे। लहसुन की बंपर आवक ने जहां किसानों को उम्मीद दी थी… वहीं सिस्टम की सुस्ती ने हालात बिगाड़ दिए—अब देखना होगा कि प्रशासन इस संकट को कैसे संभालता है।