मंदसौर जिले के सीतामऊ बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराना दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने आसपास की 6 से 7 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में धुएं का गुबार और चीख-पुकार का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही शामगढ़, नगरी, मंदसौर और सुवासरा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन देर रात तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। मौके पर एसडीएम शिवानी गर्ग, तहसीलदार मोहित सिनम, थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, जिसके चलते आज सीतामऊ नगर स्वेच्छा से बंद रखा गया है।