मंदसौर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पीएम मोमेंटोस ऑक्शन से प्राप्त पावन कामधेनु गाय की प्रतिमा की भव्य एवं श्रद्धामयी यात्रा रविवार को मंदसौर शहर में उत्साहपूर्वक निकाली गई। यात्रा नई आबादी रोड स्थित पाटिल जी के चौराहे से प्रारंभ होकर सांसद सेवा केन्द्र पहुंची, जहां श्रद्धालुओं, गौभक्तों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिमा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा तथा “गौ माता की जय” और “भारत माता की जय” के जयघोष गूंजते रहे। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि कामधेनु गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और हमारी जीवनशैली का अभिन्न आधार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सांस्कृतिक धरोहरों और आध्यात्मिक प्रतीकों को जनभागीदारी से जोड़कर उन्हें राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया है। पीएम मोमेंटोस ऑक्शन के माध्यम से प्राप्त यह प्रतिमा समाज को सेवा, समर्पण और संस्कार का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को “विश्व की माता” का स्थान दिया गया है। गौ सेवा को सदियों से धर्म, समाज और मानव कल्याण से जोड़ा गया है। कामधेनु की यह पावन प्रतिमा लोगों को भारतीय मूल्यों, प्रकृति संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगी। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश केवल आर्थिक और विकास की दिशा में आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान मिल रही है। सांसद ने बताया कि इस प्रतिमा हेतु समर्पित राशि को नमामि गंगे अभियान में अर्पित किया जाएगा। नमामि गंगे केवल एक योजना नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और राष्ट्रीय जागरूकता का जनआंदोलन बन चुका है। गंगा नदी भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र रही है तथा उसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए देशभर में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा और गंगा सेवा दोनों ही भारतीय संस्कृति के मूल तत्व हैं और समाज को इन्हें जनभागीदारी से आगे बढ़ाना चाहिए। यात्रा के दौरान अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि, मिडिया साथीगण उपस्थित रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। सांसद सेवा केन्द्र पहुंचने पर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा गौ माता एवं राष्ट्र कल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस प्रेरणादायी प्रयास की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को मजबूत करने वाला कदम बताया।