नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच ने सोमवार 18 मई को मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन एवं राजस्व अधिकारी संजय पाटीदार के नेतृत्व में अंबेडकर रोड पर आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करते हुए अनेक ठेले व गुमटियों के बाहर सड़क तक जमी कुर्सियों को जप्त किया एवं प्राइवेट बस स्टैंड पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नाले किनारे रखी गुमटियों को हटाया।साथ ही कुछ दुकानदारों के चालान बनाकर ₹10000 जुर्माना भी वसूला। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी व डंपर सहित अन्य संसाधनों के साथ अपनी कार्यवाही अंबेडकर रोड पर चोरडिया अस्पताल के पास हुड़को टंकी के बाहर लगी दुकानों से प्रारंभ की और वहां पर चाय व गन्ने के रस की दुकानों सहित अन्य दुकानों के बाहर सड़क तक रखी कुर्सियों को जप्त करते हुए चालानी कार्रवाई की. इसके पश्चात नगर पालिका की टीम सांई मंदिर के सामने लगे ठेले वह गुमटी वालों के यहां पहुंची और सड़क तक फैले अतिक्रमण को हटाते हुए कुर्सियां जप्त की और चालानी कार्रवाई की। इसके पश्चात नगर पालिका की टीम प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंची और वहां पर तहसीलदार अजेंद्र नाथ प्रजापति की उपस्थिति में जल गंगा संवर्धनअभियान के तहत नाले के किनारे रखी गुमटियों को जेसीबी व अन्य संसाधनों के माध्यम से हटाते हुए भविष्य में वहां अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। कार्यवाही के दौरान नगर पालिका के राजस्व अधिकारी संजय पाटीदार सहायक, राजस्व निरीक्षक महेंद्र साहू, हेमंत सिसोदिया, हेमंत कलोसिया, योगेश टांकवाल सहित अनेक कर्मचारी मौजूद थे।