नीमच । प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत के किए गए आह्वान को साकार करते हुए जिला प्रशासन नीमच ने एक अनुकरणीय पहल की है। सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी एक ही यात्री बस में सवार होकर ग्राम दलपतपुरा, तहसील जीरन में आयोजित रात्रि चौपाल के लिए नीमच से रवाना हुए। ग्राम दलपतपुरा की रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होने के बाद कलेक्टर चंद्रा एवं सभीजिला अधिकारी इसी एक ही यात्री वाहन से वापस जिला मुख्यालय नीमच लौटेंगे। कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि शासन के ईंधन संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने एवं स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गयाहै। अलग-अलग वाहनों के स्थान पर सामूहिक रूप से एक बस में यात्रा कर पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया है। इस पहल से न केवल शासकीय व्यय में कमी आएगी बल्कि आम नागरिकों को भी ईंधन बचाने हेतु प्रेरणा मिलेगी। जिला प्रशासन की यह पहल प्रधानमंत्री जी के "ऊर्जा संरक्षण-राष्ट्र निर्माण" के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है। रात्रि चौपाल में कलेक्टर एवं जिला अधिकारी ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे। प्रारंभ में कलेक्ट्रेट नीमच से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने यात्री बस को हरी झंडी दिखाकर अधिकारियों के दल रात्रि चौपाल दलपतपुर के लिए रवाना किया। इस मौके पर कलेक्टर चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव वन मंडल अधिकारी एसके अटोदे, एडीएम बीएस कलेश भी जिलाधिकारियों के साथ एक ही यात्री बस से ग्राम दलपतपुरा की रात्रि चौपाल के लिए रवाना हुए।