नीमच | जिले की मनासा पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए महज 30 घंटे के भीतर 8 लाख 60 हजार रुपये कीमत का चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के अनुसार 28-29 जून की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश एक लाल रंग का महिन्द्रा युवो टेक प्लस 575 ट्रैक्टर चोरी कर ले गए थे। फरियादी की शिकायत पर मनासा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सिंगार निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने चोरी गया ट्रैक्टर मय सीड्रिल सहित शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मनासा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।