नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, सेतु निगम, पीएमजीएसवाई, एमपीआरडीसी तथा डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर चंद्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
भादवा माता मंदिर के समीप निर्माणाधीन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही संपादित किए जाएं, जिससे आमजन को दीर्घकालीन एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में कई कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक एवं संबंधित सहायक अभियंता को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी निर्माण एजेंसी अथवा ठेकेदार द्वारा लापरवाही या अनावश्यक विलंब किए जाने पर संबंधित विभाग नियमानुसार तत्काल दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
वन विभाग की अनुमति के कारण लंबित निर्माण कार्यों के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन विभाग से समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को भी सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता, महाप्रबंधक एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।