आगर-मालवा | जल संरक्षण के साथ कम लागत में अधिक उत्पादन देने वाली कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रीति यादव ने गुरुवार को सोयतकलां तहसील क्षेत्र का भ्रमण कर प्रगतिशील किसानों के खेतों का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम दुल्याखेड़ी में किसान बालू सिंह सोंधिया के खेत पर पहुंचकर मल्चिंग एवं ड्रिप पद्धति से लगाई गई तोरई, चवला, लौकी, मिर्च, गिलकी एवं ताइवान पपीता की फसल देखी। उन्होंने किसान के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि मल्चिंग एवं ड्रिप तकनीक से पानी की बचत के साथ-साथ उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि होती है। कलेक्टर ने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी इस पद्धति को अपनाने के साथ-साथ कम लागत-अधिक लाभ वाली फूलों की खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात कलेक्टर यादव, ग्राम कवरा खेड़ी,पहुंचीं और किसान प्रकाश दांगी के खेत में तरबूज के बाद लगाई लौकी की फसल का निरीक्षण किया। किसान प्रकाश दांगी ने बताया कि वे उत्पादित सब्जियों को जयपुर, कोटा, भोपाल, उज्जैन एवं इंदौर की मंडियों में सामूहिक रूप से ट्रक के माध्यम से भेजकर अच्छा लाभ अर्जित कर रहे हैं। कलेक्टर ने इस सामूहिक विपणन मॉडल को अन्य किसानों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर उपसंचालक कृषि गोपेश पाठक, उपसंचालक उद्यानिकी अर्जुन सिंह राजपूत जिला जनसंपर्क अधिकारी जगदीश चंद्र मालवीय सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे