नीमच। डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सीरीज 2026 के अंतर्गत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) शाखा नीमच द्वारा ‘जोनसंगम-2026’ का भव्य आयोजन 5 जुलाई, रविवार को शाम 7 बजे से होटल सनराइज ग्रैंड, कनावटी-नीमच में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन मरेंगो सिम्स हॉस्पिटल, अहमदाबाद के सहयोग से संपन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर चिकित्सकों में उत्साह का माहौल है।
आईएमए शाखा नीमच के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया एवं सचिव डॉ. आदित्य भंडारी ने संयुक्त रूप से बताया कि डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सीरीज 2026 उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम केवल उत्सव नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत डॉक्टरों की सेवा, समर्पण और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य प्रहरी हैं, जो हर परिस्थिति में अपनी सेवाएं देकर मानवता की रक्षा करते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को दो प्रमुख सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहले सत्र में सायं 4 से 6 बजे तक विशेषज्ञ व्याख्यान होंगे, जिसमें उज्जैन जोन के अंतर्गत आने वाली आईएमए की उज्जैन, नागदा, रतलाम, मंदसौर, नीमच और मनासा सहित विभिन्न शाखाओं के चिकित्सक शामिल होंगे। इस सत्र में मरेंगो सिम्स हॉस्पिटल, अहमदाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट विषय विशेषज्ञ चिकित्सा जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक उपचार पद्धतियों, नई चिकित्सा तकनीकों, जटिल बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत व्याख्यान दिए जाएंगे। यह सत्र चिकित्सकों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ अनुभवों के आदान-प्रदान का भी सशक्त मंच बनेगा।दूसरे सत्र में भव्य अवार्ड सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इसमें डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सीरीज 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं स्पर्धाओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही आईएमए द्वारा समय-समय पर आयोजित चिकित्सा शिविरों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को भी अतिथियों के हाथों सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाना और उनके कार्यों को सार्वजनिक पहचान दिलाना है।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार तथा मरेंगो सिम्स हॉस्पिटल अहमदाबाद के सीईओ डॉ. मुकेश एन. शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनकी उपस्थिति आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करेगी