नीमच। धर्मनगरी नीमच में आगामी 10 एवं 11 जुलाई को एक ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। निरंजनी अखाड़ा दक्षिण काली पीठ, हरिद्वार के पीठाधीश्वर एवं परम शिव उपासक ब्रह्मनिष्ठ परित्राजकाचार्य, प्रातः स्मरणीय अनंत श्री विभूषित परम पूज्य आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरि जी महाराज के नीमच आगमन पर शहर में भव्य सनातन आध्यात्मिक यात्रा निकाली जाएगी तथा विश्व शांति, राष्ट्र उत्थान एवं सामाजिक कल्याण के उद्देश्य से विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा।
आयोजन समिति प्रमुख सन्तोष चौपड़ा ने बताया कि स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरि जी महाराज का आगमन 10 जुलाई 2026, शुक्रवार को सायं 4 बजे नीमच हवाई पट्टी पर चार्टर विमान द्वारा होगा। आगमन के उपरांत गुरुजी के स्वागत में भव्य अभिनंदन यात्रा हवाई पट्टी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सनातन संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर गुरुजी का स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत मंच एवं अभिनंदन द्वार भी बनाए जाएंगे, जिससे संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
सन्तोष चौपड़ा ने बताया कि 11 जुलाई 2026, शनिवार को प्रातः 11:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक दशहरा मैदान स्थित ताज हॉल में एक दिवसीय विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा में स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरि जी महाराज अपने दिव्य आध्यात्मिक प्रवचनों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि धर्मसभा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र उत्थान, सामाजिक कल्याण, सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं विश्व शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने समस्त सनातन समाज, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से दोनों कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन का संचालन समस्त सनातन समाज एवं धार्मिक, आध्यात्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है।
उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी विवेक खण्डेलवाल ने दी।