नीमच। दिल्ली में नीट परीक्षा मामले को लेकर छात्रों की आवाज उठाने के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी ने विजय टॉकीज चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया तथा राहुल गांधी के समर्थन और छात्रों के न्याय की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए केंद्र सरकार की कार्यशैली की कड़ी आलोचना की। जिला कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में जिलेभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। शाम होते-होते विजय टॉकीज चौराहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भर गया। राहुल गांधी के समर्थन और केंद्र सरकार के विरोध में लगाए गए नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि देश के लाखों छात्र निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी पीड़ा सुनने के बजाय आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने केवल छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने का काम किया गया। यह केवल एक नेता की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि युवाओं की उम्मीदों और लोकतंत्र की आवाज को कुचलने का प्रयास है। श्री बाहेती ने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करेगी तो कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब सवाल पूछ रहा है और कांग्रेस उस आवाज को हर मंच पर बुलंद करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्रों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता लाई जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की बजाय जनता की बात सुनी जाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रदर्शन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, संगठन महासचिव बृजेश मित्तल, ब्लॉक अध्यक्ष मोनू लोक्स, ओम दीवान, बृजेश सक्सेना, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा, बाबू सलीम, मधु बंसल, मुकेश कालरा, संजीव पगारिया, योगेश प्रजापति, हरीश दुआ, ओम शर्मा, विनोद दक, महेश पाटीदार (एडवोकेट), राकेश अहीर,महेश वीरवाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर, सेवादल के गजेंद्र यादव, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू बना, नाथूसिंह राठौड़, संदीप चौधरी, विकास गोयल, भानुप्रताप सिंह, हारून रशीद, मनोहर अंब, रुखसाना खान, बेबी मेहरा, नितिन हसीजा, भूपेंद्र बाबा बोहरा, पार्षद इकबाल कुरैशी, राकेश सोनकर, शराफत हुसैन, हुसैन कारपेंटर, इकराम कुरैशी, जगदीश पुनर, इलियास कुरैशी, नदीम मसूदी, जावेद खान, अंकित जाजोरिया, रजत सेठिया, श्रेय दीप सारस्वत, यश लोहार, कृपाल सिंह मंडलोई, यश सिंगोलिया, आमीन चांडीजा, शरीफ मोहम्मद, संजय पवार, श्रीराम शिवहरे, सत्यप्रकाश नागर, साबिर मसूदी, अकबर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।