नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त एक शिकायत पर राजस्व विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर किए गए कब्जे को पूर्णतः हटवा दिया गया।
शिकायतकर्ता द्वारा आवेदन में नीमच सिटी स्थित माधवगंज मोहल्ले में शासकीय मंदिर एवं चरागाह की भूमि पर अतिक्रमण कर खेत तक आने-जाने का मार्ग अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही राजस्व अमले द्वारा मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि से अतिक्रमण पूरी तरह हटाकर भूमि को समतल कराया गया, जिससे शिकायतकर्ता सहित आमजन के आवागमन का मार्ग पुनः सुगम हो गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।