नीमच | पत्रकारिता केवल खबरें लिखने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ को मजबूती से उठाने का दायित्व भी है। जब यही जिम्मेदारी ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसरोकारों के साथ निभाई जाती है, तो उसका सम्मान भी पूरे गौरव के साथ मिलता है।
ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण सेंट्रल इंडिया के प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक फ्री प्रेस जर्नल के वार्षिक मिलन समारोह में देखने को मिला। समारोह में वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट, प्रभावशाली और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता करने वाले संवाददाताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नीमच जिला संवाददाता पंकज मलिक को पूरे रीजन में उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रथम "बेस्ट रिपोर्टर अवार्ड" से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें वर्षभर सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाली प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए प्रदान किया गया। फ्री प्रेस जर्नल के मैनेजिंग डायरेक्टर जी.के. करनानी ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
स्थानीय फ्री प्रेस परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी, संपादकीय टीम के सदस्य, विभिन्न जिलों के संवाददाता, जावद-मनासा क्षेत्र के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता, डिजिटल युग की चुनौतियों और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर भी सार्थक चर्चा की गई।
नीमच के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि क्षेत्रीय पत्रकारिता के बीच पंकज मलिक ने अपनी रिपोर्टिंग से अलग पहचान बनाई और पूरे रीजन में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। उनकी इस सफलता पर पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है।