नीमच। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 18 जुलाई 2026 को प्रदेशभर में धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम (चेक बाउंस) से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला मुख्यालय नीमच में आयोजित विशेष लोक अदालत के लिए आलोक कुमार सक्सेना, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (अत्याचार निवारण अधिनियम) तथा विशाल खड़े, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की खंडपीठ गठित की गई है।
इसी प्रकार जावद तहसील में विनोद कुमार पाटीदार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा अमित नगायच, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की खंडपीठ, जबकि मनासा तहसील में दिनेश कुमार प्रजापति, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा राकेश कुमार मरावी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की खंडपीठ गठित की गई है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शोभना मीणा ने बताया कि विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस से संबंधित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामे के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराएं तथा अधिक से अधिक संख्या में राजीनामे के माध्यम से विशेष लोक अदालत को सफल बनाने में सहयोग दें।