मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश इकाई ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 1.636 किलोग्राम अवैध अफीम तथा 100 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद कर तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है। इन अभियानों में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा दोनों मामलों में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
प्रकरण-1 : पीछा कर 1.636 किलोग्राम अफीम बरामद, तस्कर फरार
दिनांक 15 जुलाई 2026 को प्राप्त विशिष्ट गुप्त सूचना के आधार पर सीबीएन गरोठ सेल की एक विशेष टीम का गठन कर पिपलोद क्षेत्र से मऊ-नीमच मार्ग की ओर अवैध अफीम की खेप ले जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार की निगरानी हेतु रवाना किया गया।
संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी के दौरान टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान कर उसे रुकने का संकेत दिया, किन्तु चालक तेज गति से भाग निकला। सीबीएन अधिकारियों द्वारा उसका पीछा किया गया। भागते हुए आरोपी मक्का के खेत में पहुंचा, जहां आगे रास्ता न मिलने पर उसने मोटरसाइकिल खेत में छोड़ दी तथा अपने पास रखा संदिग्ध पैकेट फेंककर फरार हो गया।
मौके पर तलाशी लेने पर पारदर्शी पॉलीथीन में रखी हुई 1.636 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बरामद अफीम एवं मोटरसाइकिल को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस अधिनियम) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। फरार आरोपी की तलाश एवं मामले की विस्तृत जांच जारी है।
प्रकरण-2 : 100 ग्राम मेफेड्रोन के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 16 जुलाई 2026 को सीबीएन गरोठ सेल को प्राप्त विश्वसनीय एवं विशिष्ट सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। सूचना थी कि एक व्यक्ति बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से सुसनेर क्षेत्र से शामगढ़ की ओर अवैध मेफेड्रोन लेकर जा रहा है, जिसे किसी अन्य तस्कर को सौंपा जाना था।
टीम द्वारा संदिग्ध मार्ग पर गोपनीय निगरानी रखी गई तथा ग्राम धमनिया दीवान, शामगढ़ (मध्य प्रदेश) स्थित 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र के समीप संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के वाइजर एवं स्पीडोमीटर के मध्य बने स्थान में पारदर्शी पॉलीथीन में छिपाकर रखा गया 100 ग्राम अवैध मेफेड्रोन बरामद किया गया।
एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत सभी आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत मेफेड्रोन एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है तथा इस मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के अग्र एवं पश्च संबंधों (Forward & Backward Linkages) का पता लगाया जा रहा है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, मध्य प्रदेश इकाई मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।