रतलाम / आलोट - सोयाबीन की फसल बुआई करने वाले किसानों के लिए वर्ष 2024 सबसे अधिक नुकसान वाला वर्ष रहा है। वर्ष 2014 से लेकर 2024 तक एक दशक बीत गया है। पिछले 10 वर्षों में सोयाबीन का भाव 45 सौ रुपए प्रति क्विंटल से कम नहीं रहा है। कई बार सोयाबीन 6 हजार रुपए क्विंटल से भी अधिक दामों पर मंडी में बिकी है। लेकिन इस बार मंडी में सोयाबीन 3800-4200 रुपए क्विंटल के भाव में बिक रही है। 25 सितंबर से 20 अक्टूबर तक प्रदेश के किसानों के लिए सोयाबीन खरीदी के लिए पंजीयन कार्य शुरू कर दिया है। इसके बाद 25 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक सोयाबीन खरीदी की जाएगी। प्रदेश में सोयाबीन पर न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया गया है। सरकार ने ही कैबिनेट बैठक में एमएसपी 4 हजार 892 रुपए पर खरीदने का ऐलान किया है। सोयाबीन की फसल पर बारिश का कहर क्षेत्र में कई किसानों की सोयाबीन फसल पककर तैयार है। कई किसानों ने सोयाबीन की कटाई कर ली, अब सोयाबीन खेतों में पड़ी है। ऐसे में पकी हुई सोयाबीन की फसल पर बारिश पिछले तीन दिनों से कहर बनकर टूट रही है। इससे किसानों की सोयाबीन की फसल में काफी नुकसान हो रहा है।