रतलाम -
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले रतलाम जिले के 1207 विद्यार्थियों को आज लैपटॉप की प्रोत्साहन राशि मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एक क्लिक के माध्यम से यह राशि विद्यार्थियों के अकाउंट में ट्रांसफर की।
रतलाम में जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्कृष्ट स्कूल में कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप की उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री काश्यप 10 विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप राशि के चेक प्रदान किए।
मंत्री बोले- आधुनिक युग में लैपटॉप जरुरी
मंत्री चेतन्य काश्यप ने छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही राशि विशेष रूप से लैपटॉप खरीदने के लिए है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में आगे बढ़ने के लिए लैपटॉप एक महत्वपूर्ण उपकरण बन गया है।
मंत्री ने कहा कि यह राशि छात्रों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है और इससे वे नई तकनीक सीख सकेंगे, जो उनके करियर में सहायक होगी। उन्होंने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि वे इस राशि का उपयोग किसी अन्य कार्य में न करें और इसका उपयोग केवल लैपटॉप खरीदने में ही करें।
785 छात्राएं और 422 छात्र हुए लाभान्वित
इस दौरान जिले के 1207 विद्यार्थियों में 785 छात्राएं और 422 छात्राओं को राशि ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई चंद्रवंशी, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष केसुराम निनामा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय उपस्थित रहे।
ब्लॉक स्तर पर भी हुए कार्यक्रम
भोपाल से होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 11 बजे से जिले के सभी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में किया गया। साथ ही प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय पर भी ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।