तीन दिन से समर्थन मूल्य पर अपनी उपज का तौल करवाने के लिए इंतजार कर रहे किसानों को जब जानकारी मिली की सोसाइटी के कर्मचारी हड़ताल के कारण अवकाश पर हैं तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने मनासा-रामपुरा मुख्य मार्ग ग्राम हाड़ी पिपलिया के पास उपज से भरे ट्रैक्टर खडे़ कर रास्ता जाम कर दिया।
किसानों के चक्काजाम के कारण मार्ग से निकलने वाले राहगीरों को भीषण गर्मी में समस्याओं का सामना करना पड़ा। साथ ही आवागमन करने वाले राहगीरों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। सूचना पर एसडीओपी यशस्वी शिंदे, थाना प्रभारी आरसी दांगी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, और किसानों को समझाइश देकर मार्ग सुचारू किया।
जानकारी के मुताबिक हाडिपिपल्या के पास गोपाल बंसत वेयर हाऊस पर प्राथमिक कृषि शाख सहकारी संस्था कुकडे़श्वर द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज खरीदी जा रही हैं। संस्था ने उक्त वेयर हाउस पर किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना सहित अन्य फसल खरीदी जा रही हैं। लेकिन, सोमवार को संस्था के कर्मचारियों की हड़ताल होने के कारण कर्मचारियों ने किसानों की उपज का तौल नहीं किया। ऐसे में किसान भडक गए।
गांव दाऊखेडी के किसान शिवलाल गुर्जर, सत्ततु गुर्जर, भदवा के जगदीश गुर्जर, गोवर्धन गुर्जर, लसुडिया आंतरी के अम्बालाल गुर्जर ने बताया कि संस्था ने हड़ताल की। हमें पूर्व में किसी प्रकार की कोई सूूचना नहीं दी गई कि कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। हम शनिवार देर शाम से अपने वाहनों के साथ तौल के लिए इंतजार कर रहे हैं। हड़ताल थी तो हमें पूर्व में सूचना देनी थी। इस दौरान मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी आरसी दांगी ने संस्था प्रबंधक से फोन पर चर्चा कर खरीदी प्रारंभ करवाई। साथ ही हम्मालों द्वारा तोल करने से मना करने पर अन्य हम्मालों की व्यवस्था करवाई। इसके बाद किसानों ने अपना चक्काजाम समाप्त किया।