नीमच जिले के कुकड़ेश्वर क्षेत्र के अमेरी गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया… जब जंगल से निकलकर एक तेंदुआ सीधे गांव के एक घर में घुस गया। तेंदुआ मांगीलाल मालवीय के मकान में जा घुसा और करीब आधे घंटे तक घर में आतंक मचाता रहा। इस दौरान घर में सो रही 79 वर्षीय बुजुर्ग नानीबाई पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला के सिर, पैर और पीठ पर दांत और नाखूनों से वार किए… जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार के लोग जान बचाकर घर से बाहर भागे… और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और तेंदुए पर सामान फेंककर उसे भगाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि तेंदुआ घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा था। ग्रामीणों ने दो बार उसे बाहर खदेड़ा… लेकिन वह तीसरी बार फिर घर में घुस आया। आखिरकार लोगों की भीड़ और शोर-शराबे के बाद तेंदुआ वापस जंगल की ओर भाग गया। घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत मनासा अस्पताल ले जाया गया… जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई है। वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और रात में गश्त भी तेज कर दी गई है