मंदसौर । जिला कांग्रेस प्रवक्ता राजनारायण लाड़ ने केंद्र सरकार द्वारा घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि अभी हाल ही में केंद्र सरकार के सूत्रों द्वारा यह दावा किया जा रहा था कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और गैस के पर्याप्त भंडार मौजूद हैं तथा आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसके बावजूद अचानक घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपए बढ़ा दिए गए, जो आम जनता पर महंगाई का नया बोझ है। श्री लाड़ ने कहा कि यदि सरकार के अनुसार देश में गैस का भरपूर भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति भी सामान्य है, तो फिर कीमतों में वृद्धि करने का औचित्य क्या है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता से वादा किया गया था कि गैस सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे रसोई का खर्च कम होगा और महंगाई पर नियंत्रण रहेगा। उन्होंने कहा कि आज वास्तविकता इसके विपरीत है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद मंदसौर जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 989 रुपए तक पहुंच गई है, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर करीब 2102 रुपए में मिल रहा है। इस वृद्धि का सीधा असर आम परिवारों, छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों पर पड़ेगा। श्री लाड़ ने कहा कि एक ओर सरकार यह दावा करती है कि सब कुछ नियंत्रण में है और किसी प्रकार का आपूर्ति संकट नहीं है, वहीं दूसरी ओर गैस के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनावी वादे केवल वोट लेने तक ही सीमित रहते हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस मूल्य वृद्धि की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से गैस के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लेने की मांग की है