सिंगोली | सोमवार को सिंगोली नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आरोग्यता व सुख-समृद्धि देने वाली माता शीतला का पूजन कर पूर्ण श्रद्धा के साथ शीतला सप्तमी मनाई गई। सिंगोली में सोमवार को नगर के सबसे प्राचीन स्थल शीतला माता मंदिर वार्ड 10 पर सुबह 4 बजे से ही महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जिन्होंने यहां विधि-विधान पूर्वक माता रानी का पूजन किया। शीतला माता का पूजन सप्तमी को रोग, शोक, व्याधि दूर करने के लिए एक दिन पूर्व रविवार की रात्रि को मातारानी के भक्तों की ओर से रात्रि जागरण, भजन कीर्तन ढोल नगाड़ों से महामाया शीतला माता की आराधना की गई। महिलाओं ने अपने घर में रविवार के दिन बासी भोजन गुड़ के ढोकले व दही चावल का ओलिया बनाकर मातारानी को कंकू, गुलाल, हल्दी, मेहंदी, अक्षत, चुनर, सिंदूर, सुहाग श्रृंगार से पूजा कर नैवेद्य का भोग लगाया व मातारानी से अपने घर में सुख समृद्धि की कामना की। साथ ही महिलाओं ने पति की दीर्घायु व सुखी संपन्नता की कामना को लेकर पूजा अर्चना की। महिलाओं ने पूजन कर घर के बाहर हल्दी, कुमकुम के टीके स्वास्तिक बनाकर बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। वही कई नगर एवं गांवो में महिलाओं द्वारा मंगलवार को भी शीतला माता पुजा अर्चना कर शीतला सप्तमी मनाई जाने की संभावना देखी जा रही है