उज्जैन। सिंहस्थ-2028 मेला कार्यालय में गुरूवार को आयोजित एमपीआरडीसी के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में संभागायुक्त सह मेला अधिकारी आशीष सिंह ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 कार्यों के लिए एक-एक दिन महत्वपूर्ण है। सिंहस्थ-2028 के अतंर्गत शेष बचे सभी निर्माण कार्य समय पर शुरू हो जाएं। इसके लिए जरूरी है कि निर्माण कार्य से संबंधित ड्राइंग, डिजाइन स्वीकृत कराकर स्ट्रक्चर वाले कार्य तुरंत शुरू कर दिये जाएं। बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह भी उपस्थित रहें । संभागायुक्त सिंह ने बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारियों और निर्माण करने वाली एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उज्जैन-इंदौर के बीच निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड मार्ग 48 किलोमीटर के लिए 31 अक्टूबर 2027 और साथ ही उज्जैन-जावरा बायपास 98 किलोमीटर मार्ग निर्माण के लिए 30 नवम्बर 2027, सिंहस्थ बायपास के लिए 30 जुलाई 2027, हरी फाटक ब्रिज के लिए 15 जून 2027 और मक्सी रोड के लिए 30 जून 2027 तक कार्य पूर्ण होने की समय सीमा निर्धारित की गई है। संभागायुक्त सिंह ने सिंहस्थ मेला कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए कि हरी फाटक ब्रिज के लिए जो भी बाधाएं है, उन्हें तुरंत दूर किया जाए। संभागायुक्त सिंह ने मोबाइल पर नगर निगम आयुक्त और यूडीए के सीईओ को निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 के लिए महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अब समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। 01 अप्रैल से हरी फाटक ब्रिज और इंदौर-उज्जैन ग्रीन फिल्ड का कार्य प्रारंभ करना है। इसके लिए सम्बन्धित विभाग किसानों की भूमि का मुआवजा वितरण का काम जल्दी करवाए, जिससे कि मार्ग निर्माण में किसी प्रकार की समस्या ना आए और मार्ग निर्माण का कार्य समय से पूर्ण हो जाए। बैठक में कलेक्टर सिंह ने बताया कि उज्जैन-जावरा ग्रीन फिल्ड के लिए आवार्ड पारित होने का कार्य सोमवार से शुरू हो जाएगा। कलेक्टर सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इंदौर-उज्जैन ग्रीन फिल्ड की राशि वितरण का कार्य तत्काल शुरू करवाने के निर्देश दिए। संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि कार्य करने वाले संबंधित विभाग के अधिकारी निर्धारित समय सीमा के अनुसार कार्य प्रारंभ करें। यह सभी काम अत्यधिक महत्वपूर्ण है और इनका समय सीमा में पूर्ण करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन कार्यों में किसी प्रकार की लेट लतीफी ना हो इसके लिए अधिकारी तत्काल प्रभाव से काम शुरू कर दें।