नीमच। जिले में आस्था और रहस्य का अद्भुत संगम एक बार फिर देखने को मिला। करीब 200 साल पुराने पाल वाले भेरूजी माता मंदिर में देर रात उस वक्त माहौल रोमांचक हो गया, जब राकेश सैनी की जुबान पर माता रानी सवार होने का दावा किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राकेश सैनी एक हाथ में अंगारों से भरा खप्पर और दूसरे हाथ में तलवार लिए नजर आए, जिससे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में कौतूहल और श्रद्धा का माहौल बन गया। इस दौरान माता रानी की “वाणी” के रूप में कई बड़ी भविष्यवाणियां सामने आईं, जिन्होंने स्थानीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा छेड़ दी। भविष्यवाणी के प्रमुख बिंदु: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहा युद्ध एक माह और जारी रहने की बात कही गई। गैस और पेट्रोल की किल्लत अगले दो महीने तक बनी रहने के संकेत दिए गए। इस बार अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव बरकरार रहने और उनके नेतृत्व में स्थिरता की बात कही गई। प्रदेश में एक बार फिर “मोहन सरकार” बनने का संकेत दिया गया। देश में फिर कोरोना जैसी आपदा आने और लॉकडाउन जैसे हालात बनने की चेतावनी भी सामने आई। नीमच नगरपालिका में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के काबिज होने और नेतृत्व बदलने की बात कही गई। वहीं, चार बार के विधायक दिलीप सिंह परिहार को लेकर भी बड़ा संकेत दिया गया कि उन्हें फिर से भाजपा से टिकट मिलेगा और वे चुनाव जीतकर विधायक बनेंगे, लेकिन मंत्री पद उनसे दूर रहेगा। गौरतलब है कि इस मंदिर में पहले भी इस तरह की भविष्यवाणियां होने का दावा किया जाता रहा है, जिन्हें लेकर स्थानीय लोगों में गहरी आस्था है। इसी कारण यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और इन घटनाओं को आस्था से जोड़कर देखते हैं।