उज्जैन में चैत्र शुक्ल राम नवमी के अवसर पर आज शुक्रवार को भगवान श्री राम का जन्मोत्सव पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न श्रीराम मंदिरों में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। पाटीदार समाज के हनुमानगढ़ी राम मंदिर में यज्ञ-हवन के बाद भगवान श्रीराम, जानकी, लक्ष्मण और हनुमान जी की आरती की गई। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। हरसिद्धि मंदिर के पास स्थित 50 वर्ष पुराने श्रीराम जानकी मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर के पुजारी संतोष दास के अनुसार भगवान का पंचामृत अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह 9 बजे यज्ञ अनुष्ठान आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। मंदिरों में अल सुबह आरती के बाद दोपहर 12 बजे शंखनाद के साथ जन्म आरती की गई और श्रद्धालुओं को पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया। रात 10 बजे शयन आरती के साथ दिनभर के आयोजन का समापन होगा। झांकियां और बैंड के साथ निकलेगा भव्य ध्वज चल समारोह रामनवमी पर्व पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महाकाल इंटरनेशनल चौराहे से शाम 7 बजे ऐतिहासिक वीरभद्र ध्वज चल समारोह निकाला जाएगा। यह चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ रात 9:30 बजे गोपाल मंदिर पहुंचेगा। चल समारोह में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बैंड और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो इसकी भव्यता को और बढ़ाएंगी।