मंदसौर शहर के गांधी चौराहे पर रविवार को एक दिव्यांग महिला अपने संगठन के साथ धरने पर बैठ गई। धरना मालवी युद्ध फाउंडेशन के बैनर तले दिया गया। मामला रुपए के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। धरने पर बैठी महिला ने आरोप लगाया कि करीब 7-8 साल पहले कांग्रेस से जुड़ी एक नेत्री ने नेताओं के फोटो दिखाकर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और इस एवज में 30 हजार रुपए ले लिए। महिला का कहना है कि न तो नौकरी मिली और न ही राशि वापस की गई। महिला ने बताया कि वह 99 प्रतिशत विकलांग हैं और बड़ी मुश्किल से यह राशि एकत्र की थी। आरोप है कि बार-बार संपर्क करने पर हर बार 8-10 दिन में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। धरने के माध्यम से महिला ने प्रशासन से मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। धरना स्थल पर पहुंची संबंधित कांग्रेस नेत्री ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि यह पुराना मामला है और संबंधित राशि पहले ही वापस की जा चुकी है। नेत्री ने कहा कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह सब किया जा रहा है और आरोप तथ्यहीन हैं।