मंदसौर शहर के बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक होटल पर रविवार देर रात सब्जी के भाव को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में होटल संचालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय मंदसौर में जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक प्रकाश राठौड़ और पंकज राठौर दोनों सगे भाई हैं और बस स्टैंड क्षेत्र में होटल संचालित करते हैं। इसी दौरान दो युवक, जिनमें एक उपेंद्र और उसका एक साथी शामिल था, सब्जी के दाम को लेकर होटल संचालकों से विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद युवक वहां से चले गए। कुछ ही देर बाद दोनों युवक वापस लौटे और अपने साथ ईंट लेकर आए। उन्होंने होटल पर ईंट फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान प्रकाश राठौड़ के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पंकज राठौर के हाथ में चोट लगी, वहीं दुकान के भीतर खाना खा रहे व्यक्ति को भी चोट पहुंची है। घटना के दौरान बीच-बचाव करते हुए होटल संचालकों और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट भी हुई। इस झड़प में उमेन्द्र यादव निवासी बालागंज मंदसौर भी घायल हो गया, जिसके सिर में आठ टांके आए हैं। घटना के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि तीनों घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय मंदसौर पहुंचाया गया, जहां तीनों का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।