इंदौर में 6 साल के बच्चे के ऊपर कार चढ़ाने का वीडियो सामने आया है। उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है। मामला बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे शांति निकेतन कॉलोनी में मंगलवार का है। हादसे का वीडियो कॉलोनी के ही एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इसमें दिख रहा है कि सड़क पर दो बच्चे खेल रहे हैं। ग्रे कलर की एक कार पीछे से आई, जिसने एक बच्चे को चपेट में ले लिया। कार का अगला पहिया बच्चे के पैरों के ऊपर से गुजरा जबकि पिछला उसके शरीर के ऊपर से। कार निकलने के बाद बच्चा खुद उठने की कोशिश करता नजर आ रहा है। टीआई तारेश सोनी ने बताया कि कार संजय अग्रवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसे उनका ड्राइवर दीपक (27 साल) पिता प्रहलाद चौहान, निवासी धीरज नगर चला रहा था। हादसे के बाद संजय खुद बच्चे को लेकर बॉम्बे अस्पताल पहुंचे। अपने ड्राइवर को थाने भेजकर FIR दर्ज कराई। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। शांति निकेतन कॉलोनी की सड़क पर दो बच्चे खेल रहे थे। तेज रफ्तार कार एक बच्चे को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। कार का अगला और पिछला पहिया बच्चे के शरीर के ऊपर से निकले। टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, घायल बच्चे का नाम आयुष रावत है। उसके पिता अजय पेशे से मजदूर हैं। परिवार शांति निकेतन कॉलोनी में ही रहता है। बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती आयुष की हालत स्थिर बनी हुई है।