नीमच। ग्वालटोली में सिटी फोर लाइन रोड पर स्थित दक्षिण मुखी एवं चमत्कारिक श्री विराट विराय मारुति नंदन बालाजी मंदिर पर इस बार 20 वां श्री हनुमान जन्मोत्सव दो दिवसीय आयोजन के साथ हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया जा रहा है । मंदिर समिति द्वारा भक्तगण के सहयोग से आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को यहां रात्रि में श्री बालाजी महाराज की भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें आमंत्रित भीलवाड़ा और नीमच के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मधुर संगीत के साथ एक से बढ़कर एक भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया वही उपस्थित भक्तगण भगवान की भक्ति में लीन होकर खूब नाचे। इस अवसर पर मंदिर में विराजमान चमत्कारी श्री बालाजी महाराज की प्रतिमा का मनमोहक श्रृंगार किया गया। वहीं पूरे मंदिर एवं भजन संध्या पांडाल को फूलों, गुब्बारो एवं श्री राम ध्वजाओ से सजाया गया। पांडाल में सजाई गई श्री राधा कृष्ण एवं हनुमान जी की चलित झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर के बाहर निर्माणाधीन सिटी फोर लाइन रोड पर प्रथम बार बेहतर व्यवस्थाओं के बीच आयोजित यह भजन संध्या का कार्यक्रम सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। रात्रि 8:00 बजे से प्रारम्भ हुई इस भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक अभि-अनुज पारिक-भीलवाड़ा, मिताली मानसिंहका-भीलवाड़ा एवं विनोद भैया-नीमच ने मधुर संगीत के साथ शानदार भजनो की प्रस्तुति दी। मंच पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मंदिर में विराजमान बालाजी महाराज के लाइव दर्शन भक्तों को कराए गए। भजन संध्या में बाबा की ज्योत जलाई गई, साथ ही पुष्प वर्षा की गई। भजन संध्या देर रात्रि तक चली। जिसमें श्री बालाजी मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं भक्त अच्छी खासी संख्या में सम्मिलित हुए। उक्त जानकारी मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी श्रवण शर्मा ‘राज‘ ने दी।