उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में वैशाख मास के पहले दिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भारतीय क्रिकेटर उमेश यादव ने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। दोनों ने अपनी-अपनी पत्नियों के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे और लगभग दो घंटे तक भस्म आरती में शामिल रहे। इस दौरान वे पारंपरिक धोती-सोला में थे। आरती के बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया और नंदी को जल अर्पित किया। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वैशाख मास के प्रथम दिन बाबा महाकाल के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्व में शांति की कामना करते हुए बताया कि भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई है। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव भी अपनी पत्नी के साथ भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उमेश यादव ने कहा कि वे अक्सर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आते रहते हैं और उनका मानना है कि बाबा के बुलावे के बिना कोई यहां नहीं आ सकता। उन्होंने आगे कहा कि इस बार बाबा ने उन्हें थोड़ा देर से बुलाया, लेकिन दर्शन कर वे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने पूरे विश्व के लिए मंगलकामना करते हुए कहा कि सब कुछ अच्छा हो। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में "महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम" विषय पर आधारित एक प्रदर्शनी और तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ भी किया गया है।