मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई में गुरुवार शाम एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद गोताखोरों की सतर्कता से युवक की जान बचा ली गई। उसे पहले सुवासरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार विनोद पिता जुझार लाल राठौर (25) निवासी ग्राम धानडी, थाना सुवासरा ने बसई नदी में छलांग लगा दी। विनोद ने बताया कि उसने यह कदम अपनी प्रेमिका से हुए विवाद के चलते उठाया। विनोद की शादी वर्ष 2021 में कृष्णा से हुई थी, उसकी 2 साल की एक बेटी है। पारिवारिक विवाद के चलते 1 जनवरी 2026 को दोनों का तलाक हो चुका है और तब से दोनों अलग रह रहे हैं। बताया गया है कि विनोद की पिछले एक साल से एक अन्य महिला से नजदीकि हो गई। महिला भी शादीशुदा है और करीब दो महीने से अपने पति से अलग होकर अपने मायके में रह रही है। उसके दो बच्चे भी हैं। गुरुवार शाम विनोद और महिला की मुलाकात अजयपुर में हुई। इसके बाद दोनों पास स्थित चामुंडा माता मंदिर गए। यहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। विनोद के अनुसार, महिला ने उसे साथ ले जाने की जिद की और मना करने पर आत्महत्या की धमकी दी। इस पर विनोद ने कहा कि पहले वह अपने पति से कानूनी रूप से संबंध समाप्त करे, इसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। विनोद के बताया कि विवाद बढ़ने पर दोनों शामगढ़ थाने पहुंचे। विनोद ने महिला से कहा कि वह अपने पिता को फोन कर स्थिति बताए, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसके बाद दोनों वहां से निकल गए और रास्ते में फिर से कहासुनी हो गई। रास्ते में विनोद ने महिला का मोबाइल देखा, जिसमें उनके मैसेज के स्क्रीनशॉट थे। इससे नाराज होकर उसने मोबाइल तोड़ दिया। इस पर महिला ने नया मोबाइल दिलाने की मांग की। विनोद ने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए बसई चलकर उधार लेने की बात कही। इसी दौरान महिला रोने लगी और टूटा हुआ मोबाइल वापस मांगते हुए नदी में कूदने की धमकी देने लगी। इसी बात से आक्रोशित होकर विनोद ने वाहन बसई नदी की पुलिया पर रोका और खुद नदी में कूद गया। मौके पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने तुरंत उसे बाहर निकाल लिया। घटना स्थल से सामने आए एक वीडियो में महिला यह कहते हुए नजर आई कि दोनों के बीच विवाद हुआ था और वह घर छोड़ने की बात कह रही थी, जबकि युवक ने खुद नदी में कूदने की बात कही। जिला चिकित्सालय में भर्ती विनोद का कहना है कि वह महिला को अपनाने के लिए तैयार है लेकिन पहले वह अपने पति से तलाक ले। सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के अनुसार, युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी प्री-एमएलसी रिपोर्ट आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। महिला को थाने लाया गया था, लेकिन उसने युवक पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।